रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 7 लाख की ठगी, दुर्ग पुलिस ने आरोपियों को एमपी के रीवां से दबोचा

रमेश गुप्ता भिलाई ।
दुर्ग पुलिस के थाना छावनी क्षेत्र में रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर ₹7 लाख की ठगी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों को मध्यप्रदेश के रीवां से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
थाना प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि प्रार्थिया सरोज पटेल (43 वर्ष), निवासी प्रगति नगर, कैंप-1 भिलाई ने थाना छावनी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि पायल पांडे एवं सिद्धमून उर्फ लाल पांडे, निवासी प्रगति नगर कैंप-1 भिलाई, ने उनके पुत्र पीयूष पटेल को रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ₹7,00,000 की राशि प्राप्त कर धोखाधड़ी की।
मामले में थाना छावनी में अपराध क्रमांक 107/2026 के तहत धारा 318(4), 296, 351(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। जांच के दौरान आरोपियों के रीवां (मध्यप्रदेश) में होने की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम रवाना की गई और दोनों आरोपियों को विधिवत हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस ने प्रकरण से संबंधित दस्तावेज एवं नगद राशि से जुड़े साक्ष्य जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अवैध धन प्राप्त करने की मंशा से छलपूर्वक यह धोखाधड़ी की।
इस कार्रवाई में थाना छावनी पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही, जिन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को अन्य राज्य से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *