रायपुर। साय सरकार के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आज विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026 का ऐतिहासिक बजट पेश किया। इस वर्ष के बजट का मुख्य आधार 'संकल्प' को बनाया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बजट के बाद प्रेस वार्ता में इसे 'विकसित छत्तीसगढ़' की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये का यह बजट मात्र आंकड़ों का खेल नहीं है, बल्कि SANKALP के सात सूत्रों पर आधारित है:
S (Inclusive Development): सभी वर्गों का समावेशी विकास।
A (Infrastructure): आधुनिक अधोसंरचना का निर्माण।
N (Investment): प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश को प्रोत्साहन।
K (Skilled HR): कुशल मानव संसाधन और युवाओं का कौशल विकास।
A (Antyodaya): अंतिम पंक्ति के व्यक्ति का उत्थान।
L (Livelihood): आजीविका के नए अवसरों का सृजन।
P (Policy to Result): नीतियों को धरातल पर उतारकर परिणाम देना।
5 नए ‘मुख्यमंत्री मिशन’: प्रगति को मिलेगी रफ्तार
सरकार ने विकास को ‘मिशन मोड’ में लाने के लिए पांच विशेष परियोजनाओं की घोषणा की है:
मिशन का नाम और मुख्य उद्देश्य
मुख्यमंत्री अधोसंरचना मिशन – सड़कों, पुलों और शहरी सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण।
मुख्यमंत्री एआई (AI) मिशन – प्रदेश को तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में अग्रणी बनाना।
मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन – पर्यटन स्थलों को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाना।
मुख्यमंत्री स्टार्टअप मिशन – युवाओं के नए बिजनेस आइडिया को आर्थिक और तकनीकी सहायता।
मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन – खेल प्रतिभाओं को तराशना और विश्व स्तरीय सुविधाएं देना।
‘विकसित भारत’ की ओर कदम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के अनुसार, यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन को छत्तीसगढ़ में साकार करने के लिए तैयार किया गया है। GYAN (गरीब, युवा, अन्नदाता, नारी) और GATI के बाद अब संकल्प थीम के जरिए प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति देने की तैयारी है।