रमेश गुप्ता दुर्ग…. जिले में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा बैठक में यातायात पुलिस द्वारा प्रस्तुत प्रमुख प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई है। बैठक जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें सड़क सुरक्षा एवं ट्रैफिक इंजीनियरिंग के आधार पर विस्तृत तकनीकी विश्लेषण प्रस्तुत किया गया।
खुर्सीपार–सिरसा गेट क्षेत्र में बनेगा फ्लाईओवर
खुर्सीपार एवं सिरसा गेट क्षेत्र में प्रतिदिन लगने वाले जाम और यातायात अवरोध को देखते हुए फ्लाईओवर ब्रिज निर्माण का प्रस्ताव रखा गया, जिसे प्रशासनिक सहमति मिल गई है। फ्लाईओवर निर्माण से मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा, रॉन्ग साइड वाहन संचालन पर रोक लगेगी तथा जाम की स्थिति में प्रभावी सुधार होगा।
स्मृति नगर से आरोग्यम हॉस्पिटल तक बनेगी सर्विस रोड
स्मृति नगर झरोखा पैलेस से आरोग्यम हॉस्पिटल तक सर्विस रोड के अभाव में उत्पन्न यातायात दबाव, अव्यवस्थित पार्किंग और दुर्घटना की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए बोगदा पुलिया, कातुलबोड़ से आरोग्यम हॉस्पिटल तक नई सर्विस रोड निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया। स्वीकृति के पश्चात निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
सर्विस रोड बनने से मुख्य मार्ग पर वाहनों का भार कम होगा, यातायात व्यवस्थित होगा और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की संभावना है।
वैकल्पिक मार्गों से मिलेगा स्थायी समाधान
दोनों परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद वैकल्पिक मार्ग विकसित होंगे, जिससे यातायात प्रवाह सुचारू रहेगा और आम नागरिकों को सुरक्षित, सुगम एवं समयबद्ध आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।
सराहनीय भूमिका
इन प्रस्तावों के तकनीकी प्रस्तुतीकरण और विश्लेषण में यातायात पुलिस दुर्ग, यातायात प्रबंधन प्रकोष्ठ एवं क्षेत्रीय यातायात अधिकारियों की सक्रिय और महत्वपूर्ण भूमिका रही।
…………………………………
Asp रिचा मिश्रा ने निर्माण कार्य के दौरान नागरिकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने, यातायात संकेतों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से अनुपालन करने की अपील की गई है, ताकि सुरक्षित और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखी जा सके।