विधानसभा बजट सत्र 2026- नोडल अधिकारी नियुक्त, शासकीय कर्मियों के अवकाश पर प्रतिबंध

कोरिया, 23 फरवरी 2026/ छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी 2026 से 20 मार्च 2026 तक संचालित होगा। सत्र के दौरान प्राप्त होने वाले विधानसभा प्रश्न, ध्यानाकर्षण सूचनाएँ एवं प्रस्तावों पर त्वरित एवं समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन कोरिया द्वारा आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाएँ की गई हैं।
जारी आदेश के अनुसार दीनदयाल मंडावी, अपर कलेक्टर को नोडल अधिकारी तथा अमित कुमार गुप्ता, संयुक्त कलेक्टर को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। नियुक्त अधिकारी विधानसभा से प्राप्त प्रश्नों एवं सूचनाओं की जानकारी नियमित रूप से प्राप्त कर संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर उत्तर राज्य शासन को प्रेषित कराना सुनिश्चित करेंगे।मोबाइल नम्बर 8827662723, 9977262665 कार्यालय दूरभाष नम्बर 07830-232721
फैक्स नंबर 07836-232722
पर भी संपर्क कर सकते हैं।

कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के निर्देशानुसार सत्रावधि के दौरान जिले के सभी शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अवकाश तथा मुख्यालय छोड़ने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। केवल अत्यावश्यक परिस्थितियों में ही कलेक्टर की पूर्व अनुमति से अवकाश स्वीकृत किया जाएगा।

सभी विभागाध्यक्षों एवं जिला प्रमुखों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने विभाग में विधानसभा कार्य हेतु विशेष सेल का गठन करें। प्राप्त प्रश्नों के उत्तर समय-सीमा में तैयार कर फैक्स एवं ईमेल के माध्यम से प्रेषित किए जाएँ तथा उसकी प्रति/पावती तत्काल कलेक्टर कार्यालय, कक्ष क्रमांक-07 (अधीक्षक शाखा) में उपलब्ध कराई जाए।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विधानसभा सत्र के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए शासन स्तर पर प्रेषित की जाने वाली जानकारी को समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *