रमेश गुप्ता
दुर्ग । थाना रानीतरई क्षेत्र में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी को दुर्ग पुलिस ने महज 12 घंटे से कम समय में सुलझाते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। खेत में पानी डालने को लेकर चल रही पुरानी रंजिश इस जघन्य वारदात की वजह बनी।
खेत में मिला शव, सिर और गर्दन पर गंभीर चोट
दिनांक 21 फरवरी 2026 को ग्राम केंवरा स्थित कृषि खेत में एक व्यक्ति के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही थाना रानीतरई की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान अमर सिंह साहू के रूप में हुई। उसके सिर एवं गर्दन पर धारदार हथियार से गंभीर चोट के निशान पाए गए।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
जांच में सामने आया कि खेत में पानी डालने की बात को लेकर मृतक और आरोपी के बीच पूर्व से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने धारदार हथियार से प्राणघातक हमला कर हत्या कर दी।
मामले में अपराध क्रमांक 21/2026 धारा 103 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
तकनीकी साक्ष्य के आधार पर आरोपी गिरफ्तार
साक्ष्य संकलन, घटनास्थल निरीक्षण एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदेही मोहन लाल सिन्हा (48 वर्ष), निवासी ग्राम केंवरा, थाना रानीतरई, जिला दुर्ग को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक धारदार हथियार भी जप्त किया गया है।
संयुक्त टीम की अहम भूमिका
इस पूरे प्रकरण के खुलासे में एसआईयू टीम प्रभारी उपनिरीक्षक प्रमोद हरिश, थाना प्रभारी रानीतरई निरीक्षक कमल सिंह, उपनिरीक्षक दिनेश राठौर, सहायक उपनिरीक्षक श्याम सिंह, प्रधान आरक्षक तिलक साहू, आरक्षक नरेन्द्र वर्मा सहित अन्य स्टाफ की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही।
खेत में पानी डालने को लेकर खूनी रंजिश: दुर्ग पुलिस ने 12 घंटे में सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी, आरोपी गिरफ्तार

23
Feb