रमेश गुप्ता : दुर्ग। भारत बनाम साउथ अफ्रीका क्रिकेट मैच के दौरान ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान मौके से लैपटॉप, एलईडी टीवी, चार मोबाइल फोन और डीवीआर सहित कुल लगभग 2,70,500 रुपये की सामग्री जप्त की गई है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस को 22 फरवरी 2026 को सूचना मिली थी कि असरफ नगर, तकियापारा स्थित एक मकान में भारत–साउथ अफ्रीका क्रिकेट मैच के दौरान ऑनलाइन सट्टा खिलाया जा रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद थाना सिटी कोतवाली एवं एसीसीयू (ACCU) टीम ने संयुक्त रूप से दबिश दी। मौके पर एलईडी टीवी पर लाइव मैच प्रसारित हो रहा था और मोबाइल फोन के जरिए हार-जीत पर रुपयों का दांव लगाया जा रहा था। पुलिस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
गिरफ्तार एवं फरार आरोपी
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपनी पहचान सोहेल अहमद खान उर्फ मामू (35 वर्ष), निवासी असरफ नगर, तकियापारा दुर्ग और संतोष कुमार गोंड़ (38 वर्ष), निवासी रूआबांधा कुदरापारा, भिलाई के रूप में बताई है। दोनों ने संगठित रूप से ऑनलाइन सट्टा संचालित करना स्वीकार किया है। वहीं, फरार आरोपी की पहचान शाहिल उर्फ सोनू (31 वर्ष), निवासी असरफ नगर के रूप में हुई है।
इन धाराओं के तहत मामला दर्ज
आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 90/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 4, 6, 7 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जप्त सामग्री का विवरण
पुलिस ने मौके से निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
01 लैपटॉप और 01 एलईडी टीवी
04 मोबाइल फोन और 01 डीवीआर
जियो सेटअप बॉक्स एवं वाई-फाई राउटर
नगद 5,000 रुपये
सट्टे का हिसाब-किताब दर्ज रजिस्टर एवं पेन
(कुल अनुमानित कीमत: लगभग 2,70,500 रुपये)
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में सउनि मोहन लाल साहू, प्र.आर. मनोज निर्मलकर, म.आर. लता रजक तथा एसीसीयू टीम के सउनि संतोष कुमार मिश्रा, आरक्षक क्रांति शर्मा, बालमुकुंद साहू एवं नासिर बक्श की महत्वपूर्ण भूमिका रही।