ग्राम बारूला नागाबुडा में महिलाओं एवं बच्चों से संवाद कार्यक्रम का सफल आयोजन

गरियाबंद। ग्राम बारूला नागाबुडा में स्वावलंबी महिला विकास समिति द्वारा महिलाओं एवं बच्चों से संवाद कार्यक्रम का विशेष आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं और बच्चों की समस्याओं को गहराई से समझना और उनके सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक मार्गदर्शन व जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण महिलाओं और बच्चों के साथ विभिन्न विषयों पर खुलकर चर्चा की गई।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत सरपंच, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे। महिलाओं ने अपने विचार साझा किए, वहीं बच्चों ने अपनी शिक्षा और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और विशेषज्ञों ने विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया:

बाल अधिकार एवं सुरक्षा: न्यायपीठ बाल कल्याण समिति की सदस्य ताकेश्वरी साहू ने बच्चों के अधिकारों, सुरक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा पर प्रकाश डाला। उन्होंने ‘चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर’ की जानकारी दी और बच्चों को आगामी परीक्षाओं में पूर्ण आत्मविश्वास के साथ सम्मिलित होने के लिए प्रोत्साहित किया।

महिला सुरक्षा एवं सहायता: सखी सेंटर की विधिक सहायता अधिकारी सुश्री निशा नेताम ने महिला उत्पीड़न के खिलाफ कानूनों और ‘महिला हेल्पलाइन नंबर’ के बारे में बताया।

शासकीय योजनाएं: पैरामेडिकल से रूपमती मैम ने ग्रामीण विकास के लिए सरकार और सखी सेंटर द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

आत्मनिर्भरता एवं प्रेरणा: समिति की सचिव सारिका महाडिक ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

स्वास्थ्य एवं स्वच्छता: श्रीमती धानी मानिकपुरी ने कार्यक्रम का कुशल संचालन किया और किशोरियों व महिलाओं को मासिक धर्म एवं स्वच्छता प्रबंधन के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम के प्रमुख बिंदु:

बच्चों के अधिकार: शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, और खेल-मनोरंजन के अधिकारों पर चर्चा।

महिला उत्पीड़न: उत्पीड़न के खिलाफ कानून, पुलिस संपर्क के तरीके और स्वावलंबन हेतु संसाधनों की जानकारी।

आत्मनिर्भरता और स्वास्थ्य: स्वरोजगार के अवसर, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और पोषण युक्त जीवनशैली के सुझाव।

कार्यक्रम के अंत में समिति की अध्यक्ष बिंदु वर्मा द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। इस गरिमामय आयोजन में मुख्य रूप से ग्राम पंचायत सरपंच राधिका रानी दीवान, समिति सचिव सारिका महाडिक, अध्यक्ष बिंदु वर्मा, कोषाध्यक्ष धानी मानिकपुरी सहित नेहा जॉन, गुलेश्वरी ठाकुर, पुनिता साहू, मीनू गुप्ता, मंजू चनापे, मीता जाटव, त्रिवेणी देवांगन, मुक्ति देवांगन, साक्षी कुटारे, विनीता शर्मा और कविता साहू उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *