डिप्टी सीएम के कार्यक्रम में जाते समय BJP मंडल अध्यक्ष की कार में लगी भीषण आग, तीन लोग सुरक्षित

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भाजपा मंडल अध्यक्ष की कार में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि वाहन में सवार सभी लोग समय रहते बाहर निकल गए और कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश कश्यप शनिवार को अरुण साव के कार्यक्रम में शामिल होने बृंदावल की ओर जा रहे थे। उनके साथ पार्टी के अन्य कार्यकर्ता भी कार में सवार थे। जैसे ही उनकी Mahindra XUV300 अखरार के पास पहुंची, अचानक इंजन की ओर से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग तेजी से फैलते हुए पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। स्थिति भांपते हुए कार में सवार तीनों लोग तुरंत बाहर निकल आए। समय रहते बाहर निकल जाने से बड़ा हादसा टल गया।

बताया जा रहा है कि यह वाहन पिछले दीवाली पर ही खरीदा गया था। आग लगने से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया, हालांकि तब तक वाहन बुरी तरह जल चुका था।

घटना के बाद दिनेश कश्यप ने बताया कि यह ईश्वर की कृपा रही कि सभी लोग सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि वे डिप्टी सीएम के कार्यक्रम में शामिल होने आगे रवाना हो गए थे, जबकि कार में उनके तीन सहयोगी सवार थे। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्राथमिक तौर पर तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *