कोरिया जिला में जनगणना 2027 हेतु जिला स्तरीय प्रशिक्षण सम्पन्न

कोरिया, 21 फरवरी 2026
जनगणना 2027 के सफल एवं सुव्यवस्थित क्रियान्वयन के उद्देश्य से कोरिया जिले में दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम कलेक्टरेट सभाकक्ष में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण का आयोजन 20 एवं 21 फरवरी को कलेक्टर चन्दन त्रिपाठी की अध्यक्षता में किया गया।
प्रशिक्षण में प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी, जिला जनगणना अधिकारी, सहायक जिला जनगणना अधिकारी, अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, 07 चार्ज अधिकारी (ग्रामीण एवं नगरीय—04 तहसीलदार एवं 03 मुख्य नगर पालिका अधिकारी) तथा सभी जनगणना/चार्ज अधिकारियों के डीलिंग स्टाफ शामिल हुए। राज्य स्तर से आए मास्टर ट्रेनरों— दीपक गोदे (जॉइंट डायरेक्टर), बैद्यनाथ कुमार एवं अतुल बसोड़—ने प्रशिक्षण प्रदान किया। जिले के नोडल अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
दो चरणों में होगी डिजिटल जनगणना
वर्ष 2027 की जनगणना भारत की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना होगी। इसे दो चरणों में संपन्न किया जाएगा—
प्रथम चरण (हाउस लिस्टिंग): 1 मई से 30 मई 2026 तक।
द्वितीय चरण (जनगणना कार्य): फरवरी–मार्च 2027 में घर-घर जाकर गणना की जाएगी।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को डिजिटल डेटा संकलन, मोबाइल एप्लिकेशन के उपयोग, डेटा सुरक्षा, मॉनिटरिंग एवं समन्वय प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। उद्देश्य है कि जनगणना कार्य पारदर्शी, सटीक और समयबद्ध रूप से संपन्न हो। इस अवसर पर अपर कलेक्टर डी.डी. मंडावी सहित निर्वाचन कार्यालय से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
चार्जवार तैयार की गई नियुक्ति सूची
जनगणना कार्य की तैयारी के तहत जिले के सभी ग्रामीण एवं नगरीय चार्जों में ग्राम/हैमलेट/मजरा/मोहल्ला/टोला तथा कॉलोनी/पारा/गंदी बस्ती क्षेत्रों की संख्या का निर्धारण कर लिया गया है। साथ ही प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों (रिजर्व सहित) की नियुक्ति हेतु सूची भी तैयार कर ली गई है।
चार्जवार विवरण इस प्रकार है! बैकुन्ठपुर (ग्रामीण): 91 ग्राम/क्षेत्र, 149 प्रगणक, 26 पर्यवेक्षक। पटना (ग्रामीण): 47 ग्राम/क्षेत्र, 149 प्रगणक, 26 पर्यवेक्षक। सोनहत (ग्रामीण): 105 ग्राम/क्षेत्र, 97 प्रगणक, 17 पर्यवेक्षक
पोड़ी (बचरा) (ग्रामीण): 36 ग्राम/क्षेत्र, 93 प्रगणक, 16 पर्यवेक्षक। नगरपालिका बैकुन्ठपुर (नगरीय): 01 क्षेत्र, 35 प्रगणक, 07 पर्यवेक्षक।
नगरपालिका शिवपुर- चरचा (नगरीय): 01 क्षेत्र, 38 प्रगणक, 07 पर्यवेक्षक
नगर पंचायत पटना (नगरीय): 01 क्षेत्र, 17 प्रगणक, 04 पर्यवेक्षक
जिले में कुल 578 प्रगणक एवं 103 पर्यवेक्षक (रिजर्व सहित) नियुक्त किए गए हैं, जो जनगणना कार्य को प्रभावी रूप से संपादित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *