दुर्ग, 20 फरवरी 2026। दुर्ग पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुरानी भिलाई क्षेत्र से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 9.292 किलोग्राम गांजा, 1050 प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल सहित कुल 12.43 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जप्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 19 फरवरी को ड्रीम सिटी, पुरानी भिलाई स्थित एक मकान में गांजा एवं प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के संग्रहण एवं विक्रय की सूचना मुखबिर से प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर थाना पुरानी भिलाई थाना पुलिस द्वारा विधिवत रेड कार्रवाई की गई।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 9.292 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 1.20 लाख रुपये), 1050 नग प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल (कीमत लगभग 4.20 लाख रुपये), नगद 2.44 लाख रुपये, 6 मोबाइल फोन, 1 हुंडई कार एवं 1 मोटरसाइकिल बरामद की गई। जप्त समस्त सामग्री का कुल अनुमानित मूल्य 12,43,000 रुपये बताया गया है।
इस मामले में अपराध क्रमांक 102/2026 दर्ज कर NDPS Act की धारा 20(ख), 22(सी), 27(क) एवं 8 के तहत कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
अब्दुल लतीफ (57), सरगीगुड़ा, थाना टिटलागढ़, जिला बलांगीर (उड़ीसा)
अब्दुल आकीफ (21), सरगीगुड़ा, थाना टिटलागढ़, जिला बलांगीर (उड़ीसा)
प्रिंस कुमार (37), जोन-02, खुर्सीपार, भिलाई
जितेन्द्र सिंह (38), जोन-02, खुर्सीपार, भिलाई
बाबू अली (38), एकता नगर, खुर्सीपार, भिलाई
पुलिस के अनुसार, आरोपी अवैध लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से मादक पदार्थों का संग्रहण एवं विक्रय कर रहे थे।
सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना पुरानी भिलाई के थाना प्रभारी सहित रेड टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय एवं समन्वित भूमिका रही।
ड्रीम सिटी में मादक पदार्थों पर बड़ी कार्रवाई: 9.292 किलो गांजा व 1050 प्रतिबंधित कैप्सूल के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार

20
Feb