सरगुजा पुलिस की बड़ी कामयाबी: 1 करोड़ के 525 गुम मोबाइल लौटाए गए, फोन पाकर खिले मालिकों के चेहरे

अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए एक विशेष अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में साइबर सेल और जिले के सभी थानों की टीम ने मिलकर पिछले 5 महीनों में कुल 525 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये आंकी गई है।

गुरुवार को राजमोहनी भवन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा ने इन मोबाइलों को उनके असल मालिकों के सुपुर्द किया। अपना खोया हुआ कीमती फोन वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पुलिस की तकनीकी दक्षता और प्रयासों की जमकर सराहना की।

पिछले 5 महीनों का विशेष अभियान

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमोलक सिंह ढिल्लों एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री राहुल बंसल के नेतृत्व में साइबर सेल अंबिकापुर ने सर्विलांस तकनीक का उपयोग करते हुए इन मोबाइलों को ट्रैक किया। इनमें से अधिकतर मोबाइल भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों और यात्रा के दौरान खो गए थे। इससे पहले अगस्त 2025 में भी सरगुजा पुलिस ने 60 मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए थे।

एसएसपी की अपील: “सब्जी बाजार और भीड़ में बरतें सावधानी”

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि मोबाइल आज के दौर की सबसे जरूरी वस्तु है। उन्होंने नागरिकों को सलाह दी कि वे भीड़भाड़ वाले इलाकों और सब्जी बाजारों में मोबाइल को शर्ट की सामने वाली जेब में रखने से बचें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही से फोन गुम हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि जब पुलिस गुम मोबाइल लौटाती है और नागरिकों में संतुष्टि का भाव देखती है, तो पुलिस विभाग को भी आत्मसंतुष्टि मिलती है।

नए कानूनों की प्रदर्शनी और यातायात जागरूकता

मोबाइल वितरण के साथ-साथ इस कार्यक्रम में नए आपराधिक कानूनों (भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम) की एक प्रदर्शनी भी लगाई गई। नागरिकों को बताया गया कि 1 जुलाई 2024 से लागू हुए ये कानून ‘दंड से न्याय’ की ओर ले जाने वाले और तकनीक आधारित हैं। इसके अलावा, सड़क सुरक्षा अभियान के तहत लोगों को हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।


कैसे दर्ज कराएं गुम मोबाइल की रिपोर्ट?

सरगुजा पुलिस ने अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दें। इसके अलावा भारत सरकार के ऑनलाइन पोर्टल CEIR Portal पर जाकर भी अपनी शिकायत अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं ताकि फोन को ब्लॉक और ट्रैक किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *