छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी रात की तपिश: अगले 24 घंटों में 3 डिग्री तक चढ़ेगा पारा, रायपुर में गर्मी ने छुड़ाए पसीने

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है। वर्तमान में शहरी क्षेत्रों में दिन और रात के तापमान में भारी अंतर देखा जा रहा है, जिससे दोपहर के समय तेज गर्मी का अहसास हो रहा है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि प्रदेश का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक, वर्तमान में पाकिस्तान और पंजाब के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में वृद्धि हो रही है। अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान 2 डिग्री तक बढ़ सकता है, जबकि अधिकतम तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी का दौर जारी रहेगा।

राजधानी रायपुर के लिए मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि बुधवार सुबह हल्की धुंध छा सकती है। शहर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। फिलहाल दिन के तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं, लेकिन रातें पहले की तुलना में कम ठंडी होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *