दुर्ग। जिला पंचायत सभा कक्ष में मुख्य कार्यपालन अधिकारी की अध्यक्षता में जनपद पंचायत धमधा के ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में अनुपस्थित पाए गए धमधा क्षेत्र के 16 ग्राम पंचायत सचिवों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उनका एक दिन का वेतन काटने का आदेश जारी किया गया है। यह कटौती फरवरी 2026 के वेतन से की जाएगी।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), ग्राम संपदा ऐप, समर्थ पोर्टल, अटल डिजिटल सेवा केंद्र, स्वच्छ भारत मिशन और विभिन्न पेंशन योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने योजनाओं की प्रगति और लंबित प्रकरणों पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर हितग्राहियों को लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
कार्य में लापरवाही बरतने वाले अन्य कर्मचारियों पर भी गाज गिरी है। ग्राम पंचायत पंगबंधी के सचिव को समर्थ पोर्टल पर कार्य न करने के कारण निलंबन का नोटिस थमाया गया है। वहीं, ग्राम पंचायत रहटादाह के सचिव और ग्राम पंचायत फुण्डा के रोजगार सहायक को प्रधानमंत्री आवास योजना में लापरवाही बरतने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।