रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने रायगढ़ प्रवास के दौरान पूर्व संसदीय क्षेत्र की जनता और प्रबुद्धजनों से मुलाकात कर अपनी स्मृतियां साझा कीं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए रायगढ़ को अपनी जनसेवा की यात्रा का महत्वपूर्ण आधार बताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रायगढ़ वह पावन धरती है जहां की देवतुल्य जनता ने उन्हें लगातार चार बार लोकसभा में प्रतिनिधित्व करने का गौरव प्रदान किया। उन्होंने बताया कि यहां आना उनके लिए हर बार परिवार के आंगन में लौटने जैसा सुखद अनुभव होता है, जहां हर चेहरे में अपनापन दिखाई देता है।
अपने प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने देर रात तक स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों और प्रबुद्धजनों के साथ सार्थक चर्चा की। उन्होंने कहा कि इन मुलाकातों के दौरान उन्हें जनता के विश्वास की गर्मजोशी महसूस हुई। मुख्यमंत्री ने रायगढ़ की जनता के इस अटूट लगाव को अपनी सबसे अनमोल पूंजी बताया। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनता का यही स्नेह उन्हें जनसेवा के मार्ग पर नई ऊर्जा और प्रेरणा के साथ आगे बढ़ने की शक्ति देता है।