सरगुजा। छत्तीसगढ़ के शिमला कहे जाने वाले मैनपाट में आज से तीन दिवसीय भव्य मैनपाट महोत्सव का आगाज होने जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ करेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल करेंगे। 15 फरवरी तक चलने वाले इस उत्सव में देश-दुनिया के विभिन्न क्षेत्रों से आए कलाकार लोकगीत और संगीत की प्रस्तुतियां देंगे।
महोत्सव के पहले दिन भोजपुरी फिल्म अभिनेता और गायक मनोज तिवारी मुख्य आकर्षण होंगे। उनके साथ ही छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में ओडिशा के प्रसिद्ध छऊ नृत्य की भी विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। महोत्सव का उद्देश्य स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देना और छत्तीसगढ़ की संस्कृति से लोगों को रूबरू कराना है।
कार्यक्रम के दूसरे दिन यानी 14 फरवरी को छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध लोक गायिका अलका चंद्राकर और इंडियन आइडल फेम वैशाली रायकवार मंच संभालेंगी। महोत्सव के अंतिम दिन 15 फरवरी को बॉलीवुड की मशहूर गायिका कनिका कपूर अपनी प्रस्तुति देंगी। इनके साथ ही रायगढ़ घराने की कथक नृत्यांगना ज्योतिश्री वैष्णव और गायक आयुष नामदेव के कार्यक्रमों से महोत्सव का समापन होगा। प्रशासन ने पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।