हेलमेट व सीट बेल्ट जांच अभियान की समीक्षा, प्रमुख चौक-चौराहों पर सतत कार्रवाई जारी
रमेश गुप्ता भिलाई । सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने और यातायात नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा पुलिस नियंत्रण कक्ष, सेक्टर-06 भिलाई में विशेष समीक्षा बैठक सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। बैठक में जिले में संचालित विशेष हेलमेट एवं सीट बेल्ट जांच अभियान की विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान मुर्गा चौक, रेल चौक, डी.पी.एस. चौक रिसाली, जुनवानी चौक तथा राजेन्द्र प्रसाद चौक दुर्ग सहित प्रमुख एवं संवेदनशील यातायात क्षेत्रों में चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान का विश्लेषण किया गया। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने तथा बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सतत कार्रवाई की जा रही है। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात अनुशासन स्थापित करना तथा आम नागरिकों में जागरूकता बढ़ाना है।
इस अवसर पर अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने जवानों को निर्देशित किया कि यातायात नियमों के पालन हेतु निष्पक्ष, सतत एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

यातायात एडिशनल एसपी सुश्री रिचा मिश्रा ने आम नागरिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग करें। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।