बिलासपुर। जिले के कोटा विकासखंड अंतर्गत आमागोहन संकुल की शासकीय प्राथमिक शाला मुसियारी में बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। यहां पदस्थ दो शिक्षक—गोपाल सिंह और कुमारी तीजन लास्कर—लगातार चार दिनों तक विद्यालय नहीं पहुंचे। इस दौरान स्कूल का ताला रसोइया फूलमतिया बाई खोलती रहीं और बच्चों को केवल मध्यान्ह भोजन कराकर स्कूल बंद कर दिया जाता था। बताया गया कि 6 फरवरी से स्कूल की चाबी रसोइया के पास थी, जिससे पढ़ाई पूरी तरह ठप रही।

मामला कलेक्टर संजय अग्रवाल के संज्ञान में आते ही जिला शिक्षा अधिकारी और ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जांच में संकुल समन्वयक पूर्णानंद मिश्रा द्वारा मॉनिटरिंग नहीं किए जाने की भी पुष्टि हुई।
ब्लॉक शिक्षा अधिकारी नरेंद्र मिश्रा ने बताया कि दोनों शिक्षकों और संकुल समन्वयक का वेतन तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। साथ ही तीनों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।