केवल्य धाम के पीछे मिली अज्ञात महिला की लाश, हाथ पर ‘विनोद शर्मा’ का टैटू

10–15 दिन पुराना शव; पहचान के लिए पुलिस ने जारी की तस्वीरें, आमजन से सहयोग की अपील

रमेश गुप्ता दुर्ग । दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसादा खार में केवल्य धाम के पीछे एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार शव लगभग 10 से 15 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है, जिसके कारण अब तक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
जानकारी के मुताबिक 17 जनवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि केवल्य धाम के पीछे एक महिला का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना कुम्हारी की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्राथमिक जांच में महिला की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष आंकी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शव की स्थिति से अनुमान है कि महिला की मृत्यु लगभग दो सप्ताह पूर्व हुई होगी। मामले में मर्ग कायम कर वैधानिक जांच की जा रही है। मृत्यु के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।


जांच के दौरान एक महत्वपूर्ण सुराग सामने आया है। महिला के हाथ पर “विनोद शर्मा” नाम का टैटू अंकित मिला है, जो उसकी पहचान में अहम भूमिका निभा सकता है। इसके अलावा महिला द्वारा पहने गए वस्त्र, चूड़ी, कंगन और चप्पल भी जप्त किए गए हैं। पहचान के उद्देश्य से इन वस्तुओं की तस्वीरें साझा की जा रही हैं।
………………………………

पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने दुर्ग आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को महिला के हुलिए, हाथ पर बने टैटू या पहने गए सामान के आधार पर कोई जानकारी हो तो तत्काल थाना कुम्हारी या निकटतम पुलिस थाना में संपर्क करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदगी के प्रकरणों का मिलान भी किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *