भानुप्रतापपुर में स्मार्ट मीटर पखवाड़ा का आयोजन, उपभोक्ताओं को दी गई डिजिटल सुविधा की जानकारी

भानुप्रतापपुर। विद्युत वितरण केंद्र भानुप्रतापपुर में बुधवार को शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के लिए स्मार्ट मीटर पखवाड़ा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को डिजिटल सेवाओं से जोड़ना तथा बिजली बिल और खपत की जानकारी को पारदर्शी व सरल बनाना रहा।
इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों द्वारा उपभोक्ताओं को ‘मोर बिजली’ मोबाइल ऐप डाउनलोड करवाकर उसकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। ऐप के माध्यम से उपभोक्ता अब अपने बिजली बिल की जानकारी, भुगतान, खपत का विवरण और स्मार्ट मीटर से संबंधित अपडेट आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
कार्यक्रम में सहायक अभियंता उत्तम कुमार यदु, कनिष्ठ अभियंता (शहर) तमेश्वरी मरसकोले, कनिष्ठ अभियंता (ग्रामीण) एंटोनी कुजूर सहित विद्युत विभाग के समस्त कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में उपभोक्ता उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने बताया कि स्मार्ट मीटर से बिजली खपत की सटीक जानकारी मिलती है, जिससे अनावश्यक बिलिंग विवाद कम होंगे और उपभोक्ताओं को पारदर्शी सेवा का लाभ मिलेगा। साथ ही विभाग ने नागरिकों से डिजिटल सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान उपभोक्ताओं ने भी स्मार्ट मीटर और ऐप संबंधी प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने समाधान किया। विभाग द्वारा आगामी दिनों में भी जागरूकता कार्यक्रम जारी रखने की बात कही गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *