नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब फ्लाईओवर के पास खड़ी एक कार के भीतर तीन लोगों के शव बरामद हुए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। कार में शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस के मुताबिक, सफेद रंग की टाटा टिगोर कार के अंदर दो महिलाएं और एक पुरुष मृत अवस्था में पाए गए हैं। शुरुआती जांच में मृतकों के शरीर पर चोट या संघर्ष के किसी भी तरह के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि प्राथमिक तौर पर यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है और आशंका जताई जा रही है कि तीनों की मौत जहर खाने से हुई होगी। हालांकि, मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
जांच अधिकारियों ने बताया कि कार के भीतर या आसपास लूटपाट के कोई संकेत नहीं मिले हैं। इससे फिलहाल इस घटना में किसी बाहरी व्यक्ति की संलिप्तता की संभावना नजर नहीं आ रही है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मृतकों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।