आबकारी भवन में लगी आग : रायपुर के लाभाण्डी स्थित कार्यालय में शॉर्ट सर्किट से हड़कंप, सुरक्षित रहे सभी जरूरी दस्तावेज

रमेश गुप्ता : रायपुर : राजधानी के लाभाण्डी स्थित आबकारी भवन में शनिवार रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह आग छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कारपोरेशन लिमिटेड के कार्यालय की तीसरी मंजिल पर स्थित एक कक्ष में लगी थी। गनीमत रही कि सुरक्षा गार्ड की सतर्कता और अग्निशमन उपकरणों के त्वरित उपयोग से एक बड़ा हादसा टल गया और कार्यालय के महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित बच गए।

शॉर्ट सर्किट बना आग का कारण जानकारी के अनुसार, घटना 7 फरवरी 2026 की रात लगभग 8:30 बजे की है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग की वजह से कार्यालय में रखे कंप्यूटर, प्रिंटर और यूपीएस (UPS) जलकर खाक हो गए हैं। हालांकि, राहत की बात यह रही कि सभी महत्वपूर्ण फाइलें और दस्तावेज लोहे की अलमारी में बंद थे, जिसके कारण कागजी रिकॉर्ड को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

गार्ड की सतर्कता से टला बड़ा हादसा आबकारी भवन में रात्रि ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड को जब तीसरी मंजिल से कुछ जलने की गंध आई, तो उसने तुरंत अन्य स्टाफ को सूचित किया। बिना वक्त गंवाए स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर भवन में मौजूद अग्निरोधक उपकरणों (Fire Extinguishers) का इस्तेमाल किया और आग पर काबू पा लिया। यदि आग समय रहते नहीं बुझाई जाती, तो यह अन्य कक्षों तक फैल सकती थी।

अधिकारियों ने किया मौका मुआयना आग लगने की खबर मिलते ही विभाग के उच्च अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अगले दिन, 8 फरवरी की सुबह पुनः वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कार्यालय का बारीकी से अवलोकन किया गया। निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने पुष्टि की है कि केवल इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को क्षति पहुंची है और किसी भी जरूरी सरकारी दस्तावेज या अन्य सामग्री का नुकसान नहीं हुआ है। फिलहाल कार्यालय में स्थिति सामान्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *