प्यार के इजहार का हफ्ता यानी ‘वेलेंटाइन वीक’ आज से शुरू हो गया है। पहले दिन ‘रोज डे’ को लेकर जमशेदपुर के युवाओं और कपल्स में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। शहर के बाजारों में आज करीब 16 लाख रुपये के गुलाब बिकने का अनुमान है। फूलों की दुकानों पर सुबह से ही खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
बेंगलुरु के गुलाबों की भारी डिमांड इस बार जमशेदपुर के प्रेमियों की पहली पसंद बेंगलुरु के गुलाब बने हुए हैं। जानकारों के मुताबिक, कोलकाता या पुणे के मुकाबले बेंगलुरु के गुलाब ज्यादा सुर्ख लाल, लंबे डंठल वाले और कम कांटों वाले होते हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि ये फूल लंबे समय तक ताजे बने रहते हैं, इसी वजह से इनकी मांग सबसे ज्यादा है।
बढ़ गए गुलाब के दाम डिमांड बढ़ने की वजह से गुलाब की कीमतों में भी भारी उछाल आया है। जो बेंगलुरु गुलाब आम दिनों में 20-22 रुपये में मिलता था, वह आज 50 से 70 रुपये तक बिक रहा है। वहीं पुणे का गुलाब 30 रुपये और कोलकाता का गुलाब 15 रुपये तक पहुँच गया है।
लाखों का कारोबार शहर के बिष्टुपुर जैसे प्रमुख बाजारों के दुकानदारों का कहना है कि आज पूरे जमशेदपुर में लगभग 40,000 गुलाब बिकने की उम्मीद है। शहर में करीब 80 बड़ी फूलों की दुकानें हैं, जहाँ स्टॉक खत्म होने की नौबत आ गई है। व्यापारियों का कहना है कि रोज डे तो महज शुरुआत है, असली धमाका 14 फरवरी को वेलेंटाइन डे पर होगा।