मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा, कंटेनर की चपेट में आने से छह बस यात्रियों की मौत

मथुरा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह यात्रियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। यह दुर्घटना सुरीर थाना क्षेत्र के माइल स्टोन 88 के पास करीब पौने तीन बजे हुई। तेज रफ्तार कंटेनर ने लघुशंका के लिए बस से नीचे उतरे यात्रियों को रौंद दिया।

जानकारी के अनुसार, प्राइवेट बस दिल्ली के नांगलोई से कानपुर के रसूलाबाद जा रही थी। रास्ते में यात्रियों ने चालक से बस रोकने का आग्रह किया, जिस पर चालक ने ग्रीन जोन के बजाय एक्सप्रेस-वे पर ही बस रोक दी। जैसे ही यात्री बस से उतरकर नीचे खड़े हुए, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित कंटेनर ने पहले बस को टक्कर मारी और फिर यात्रियों को चपेट में ले लिया।

हादसे में औरैया निवासी सोनू, बस्ती के देवेश, कन्नौज निवासी अस्लम और दिल्ली के संतोष समेत छह लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। दो अन्य मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। घायल यात्री अमर दुबे को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक घटना के समय दृश्यता सामान्य थी और कोहरा नहीं था। इंस्पेक्टर सुरीर अजय कुमार ने बताया कि हादसे के बाद कुछ देर के लिए यातायात बाधित हुआ था, जिसे राहत कार्य पूरा कर सुचारू करा दिया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *