7 फरवरी को रोजगार दिवस के साथ प्रत्येक ग्राम पंचायत में मनेगा आवास दिवस

बीवीजीरामजी योजना के आईइसी गतिविधियों का भी आयोजन करने के निर्देश

कोरिया 06 फरवरी 2026 – प्रत्येक वंचित परिवार को पक्के आवास का अधिकार देने वाली प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को निर्माण कार्य तेजी से पूर्ण करने हेतु आवश्यक मदद करने के उद्देश्य से रोजगार दिवस के साथ आवास दिवस भी मनाया जाएगा। कलेक्टर कोरिया चंदन त्रिपाठी द्वारा 7 फरवरी को रोजगार दिवस के साथ आवास दिवस मनाए जाने के विस्तृत निर्देश प्रसारित किए गए हैं। शासन के निर्देशों के अनुक्रम में दिनांक 7 फरवरी को चावल महोत्सव के साथ “रोजगार दिवस“ और “आवास दिवस“ का आयोजन जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में किया जाएगा। इसमें हितग्राही एवं स्थानीय पंचायत पदाधिकारियों और ग्रामीण जन प्रतिनिधियों की भी सहभागिता होगी।


आवास हितग्राहियों को सहूलियत
इस आयोजन के संबंध में जानकारी देते हुए जिला पंचायत कोरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि कलेक्टर कोरिया द्वारा रोजगार दिवस के साथ आवास दिवस मनाए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके पीछे शासन की मंशा है कि प्रत्येक आवास हितग्राही को उसकी आवश्यकता का आंकलन कर जरूरत के संसाधन जल्द उपलब्ध कराए जाएं। इसके लिए सभी आवास हितग्राहियों को रोजगार दिवस के साथ आवास दिवस में शामिल कर उनके आवास निर्माण की प्रगति पर चर्चा कर निर्माण हेतु आवश्यक संसाधन जुटाने में मदद की जाएगी।


समस्याओं के निराकरण की पहल
जिला पंचायत सीईओ ने बताया कि रोजगार दिवस के साथ आवास दिवस मनाए जाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर तकनीकी स्टाफ की आवश्यक बैठक कर महात्मा गांधी नरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित तकनीकी विषयों को चिन्हांकित करते हुए उनके निराकरण की कार्यवाही करने के निर्देश सभी जनपद पंचायतों को प्रदान कर दिए गए हैं। जनपद पंचायतों को निर्देशित किया गया है कि उक्त आयोजन के पूर्व दोनों योजनाओं के सभी तकनीकी विषयों का ग्राम पंचायत और विकासखंड पर भलीभांति निराकरण सुनिश्चित हो जाए।


प्रत्येक आवास में 90 दिन का अकुशल श्रम
जिला पंचायत सीईओ ने बताया कि आगामी आवास दिवस के अवसर पर नवीन स्वीकृत आवास हितग्राहियों के परिवारो के लिए आवास के समस्त स्वीकृत कार्यों में कार्य प्रारंभ करवाते हुए नियमानुसार शत प्रतिशत मस्टर रोल्स जारी किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही निर्माणाधीन और पूर्ण हो चुके सभी आवास की लंबित किश्तों और महात्मा गांधी नरेगा मजदूरी भुगतान से संबंधित आनलाइन कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।


वीबीजीरामजी प्रावधानों का व्यापक प्रचार-प्रसार
कोरिया जिले के प्रत्येक ग्राम पंचायत में वीबीजीरामजी योजना के अंतर्गत ग्रामीण पंजीकृत श्रमिको को मिलने वाली सभी सहूलियतों, अधिकारों और योजना की विस्तृत जानकारी भी आवास दिवस के अंतर्गत प्रदान की जाएगी। इसके लिए साप्ताहिक गतिविधियां तय की गई हैं। इसके लिए सभी ग्राम पंचायतों में व्यापक प्रचार प्रसार की आवश्यक तैयारी करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *