ठग ने सराफा व्यापारी से 37 लाख रुपए के सोने के जेवर लेकर फरार, पुलिस जांच में जुटी

बिलासपुर। शहर के एक सराफा व्यापारी से राजस्थान के ठग ने खरीदारी का झांसा देकर 37 लाख रुपए मूल्य के 224.670 ग्राम सोने के आभूषण मंगा लिए और फिर फरार हो गया। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली थाना प्रभारी देवेश सिंह राठौर के अनुसार, तेलीपारा स्थित श्री लीला ज्वेल्स के संचालक तुषार दोशी (44 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई। तुषार ने बताया कि 6 मार्च 2024 को एक व्यक्ति उनकी दुकान पर आया। उसने अपना नाम कमलेश सोनी, निवासी राम सिल्वर 156 सी, दाउजी की बावड़ी, नाकोड़ा नगर, उदयपुर, राजस्थान बताया।

कमलेश सोनी ने खुद को सोना-चांदी के आभूषणों का व्यापारी बताते हुए तुषार से व्यापारिक लेन-देन की बात की। उसने तुषार को 22 कैरेट सोने के आभूषणों की बिक्री कर राशि वापस करने का भरोसा दिया। इस पर तुषार ने 224.670 ग्राम सोने के हार और कंगन, जिसकी कीमत 36 लाख 86 हजार रुपये थी, बुक कर दिए।

तुषार ने 20 मार्च को ये जेवर कुरियर के माध्यम से उदयपुर स्थित राम सिल्वर के पते पर भेज दिए। जेवर प्राप्त होने के बाद कमलेश सोनी ने तुषार के बैंक खाते में 6,500 रुपये की ऑनलाइन पेमेंट की, लेकिन इसके बाद न तो उसने पैसे लौटाए और न ही जेवर वापस किए। इस मामले में पुलिस ने ठगी की धारा 420 के तहत केस दर्ज किया है और जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *