जनपद पंचायत बैकुण्ठपुर के अंतर्गत जलाशयों के 10 वर्षीय पट्टे हेतु आवेदन की तिथि बढ़ाई गई

कोरिया, 28 जनवरी 2026/ जनपद पंचायत बैकुण्ठपुर के अंतर्गत स्थित विभिन्न जलाशयों को मत्स्यपालन एवं मत्स्याखेट हेतु 10 वर्षों के लिए पट्टे पर दिए जाने संबंधी आम सूचना जारी की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्व में आमंत्रित आवेदन पर्याप्त संख्या में प्राप्त नहीं होने के कारण आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है।

जनपद पंचायत बैकुण्ठपुर के अधीन अमहर, चारपारा, बड़ेसाल्ही एवं अंजनी सिंचाई जलाशयों को 10 वर्षीय पट्टे पर दिया जाना प्रस्तावित है। इन जलाशयों का जलक्षेत्र बैकुण्ठपुर विकासखंड में स्थित है।

इस संबंध में जनपद पंचायत बैकुण्ठपुर द्वारा पूर्व में 14 जनवरी 2026 को जारी आम सूचना के तहत 27 जनवरी 2026 तक समितियों से आवेदन आमंत्रित किए गए थे, किंतु अपेक्षित संख्या में आवेदन प्राप्त नहीं होने के कारण आवेदन की समय-सीमा बढ़ाई गई है।

अब इच्छुक समिति/समूह 25 फरवरी 2026 तक कार्यालयीन समय में सायं 4:00 बजे तक अपने आवेदन मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत बैकुण्ठपुर, जिला कोरिया के कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं।

चयन की पात्रता एवं शर्तें सहायक मत्स्य पालन अधिकारी, जिला कोरिया के कार्यालय में कार्यालयीन समय प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक देखी जा सकती हैं।

शासन द्वारा जलाशयों के पट्टे हेतु प्राथमिकता क्रम निर्धारित किया गया है, जिसके अंतर्गत क्रमशः पंजीकृत मछुआ सहकारी समिति, मछुआ समूह, मछुआ व्यक्ति, वर्ष 1965 या उसके पश्चात विस्थापित परिवार/व्यक्ति अथवा उनके समूह/समिति को प्राथमिकता दी जाएगी।

यदि संबंधित क्षेत्र में उक्त श्रेणियाँ उपलब्ध नहीं होंगी, तो स्वयं सहायता समूह को पट्टा दिए जाने का प्रावधान किया गया है।

स./मानिकपुरी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *