नक्सल मोर्चे पर सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता, 21 लाख का इनामी माओवादी सुखराम मरकाम ने किया आत्मसमर्पण

जगदलपुर। नक्सल विरोधी अभियान में ओडिशा पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। लंबे समय से सक्रिय और 21 लाख रुपये के इनामी माओवादी सुखराम मरकाम उर्फ योगेश उर्फ सुरेश ने सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। यह सरेंडर ओडिशा के मलकानगिरी जिले में किया गया।

आत्मसमर्पण के दौरान सुखराम मरकाम के पास से एक SLR राइफल सहित विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुखराम माओवादी संगठन में ACM रैंक का सक्रिय सदस्य था और वर्ष 2010 से नक्सली गतिविधियों में शामिल रहा है।

सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि सुखराम कई गंभीर नक्सली वारदातों में शामिल रहा है और उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में आपराधिक मामले दर्ज थे। वह मूल रूप से छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले का निवासी है।

लगातार दबाव, सघन सर्च ऑपरेशन और सुरक्षा बलों की प्रभावी रणनीति के चलते सुखराम ने अंततः हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया।

मलकानगिरी के पुलिस अधीक्षक विनोद पाटिल ने इसे नक्सल विरोधी अभियान में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इस आत्मसमर्पण से माओवादी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और आने वाले समय में अन्य भटके हुए नक्सलियों के भी सरेंडर करने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *