नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और विधायक रामकुमार यादव पहुँचे धवाई गढ़ धाम, बड़ा देव की पूजा कर वनों के संरक्षण का दिया संदेश

सक्ती। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत एवं चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव, ग्राम पंचायत चारपारा के धवाई गढ़ धाम में आयोजित गोंडवाना समाज के चार दिवसीय आस्था ज्योति कलश एवं बड़ा देव महापूजन कार्यक्रम के समापन समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने बूढ़ादेव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। गोंडवाना समाज द्वारा मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का गजमाला पहनाकर भव्य स्वागत अभिनंदन किया गया।

बड़ादेव प्रकृति के संरक्षक: डॉ. चरणदास महंत समाज को संबोधित करते हुए डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि गोंड जनजाति में ‘बड़ादेव’ (बूढ़ादेव) प्रकृति, जल, वायु और अग्नि के संरक्षक माने जाते हैं। बड़ादेव की पूजा प्रकृति के प्रति प्रेम और आदिवासी संस्कृति के संरक्षण का प्रतीक है। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज वनांचल क्षेत्रों में जंगल उजाड़े जा रहे हैं, जिससे हाथी-मानव द्वंद बढ़ रहा है और कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ‘एक पेड़ माँ के नाम’ का नारा तो देती है, लेकिन आदिवासियों की जल-जंगल-जमीन छीनकर बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुँचा रही है।

जल-जंगल-जमीन बचाने की अपील: रामकुमार यादव विधायक रामकुमार यादव ने कहा कि आदिवासी समाज आदिकाल से प्रकृति के समीप रहकर जल, जंगल और जमीन का संरक्षण करता आ रहा है। उन्होंने समाज के लोगों से अपनी संस्कृति और संसाधनों को बचाने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जो सरकार आदिवासियों के अधिकारों को लूट रही है, उसे मुंहतोड़ जवाब देने का समय आ गया है।

इस भव्य आयोजन में गोंडवाना समाज की गुरु माता, पदाधिकारी, सदस्यगण और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनमानस उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान आदिवासी समाज द्वारा स्वागत गीत एवं विभिन्न पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *