अंबिकापुर। सरगुजा संभाग के महत्वपूर्ण सड़क मार्ग सिलफिली-अंबिकापुर के मजबूतीकरण के लिए केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने बड़ी सौगात दी है। भारत सरकार ने इस सड़क खंड के जीर्णोद्धार और मजबूतीकरण के लिए 28 करोड़ 19 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-43 का होगा कायाकल्प यह राशि राष्ट्रीय राजमार्ग-43 (NH-43) के अंतर्गत आने वाले सूरजपुर जिले के सिलफिली से लेकर अंबिकापुर मार्ग के विकास पर खर्च की जाएगी। स्वीकृत बजट के माध्यम से सड़क खंड के 363 किमी से लेकर 373.5 किमी तक, यानी कुल 10.5 किमी की लंबाई में मजबूतीकरण का कार्य किया जाएगा।
पेव्ड शोल्डर के साथ बनेगी सड़क इस परियोजना की खास बात यह है कि सड़क का मजबूतीकरण पेव्ड शोल्डर (Paved Shoulder) के साथ किया जाएगा, जिससे सड़क की चौड़ाई के साथ-साथ उसकी गुणवत्ता और सुरक्षा भी बढ़ेगी। भारत सरकार ने यह स्वीकृति राज्य शासन द्वारा भेजे गए प्रस्ताव के अनुरूप, वित्तीय वर्ष 2025-26 की वार्षिक कार्ययोजना के तहत प्रदान की है।
इस मार्ग के सुदृढ़ीकरण से सूरजपुर और अंबिकापुर के बीच आवागमन करने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी और भारी वाहनों के दबाव के बावजूद सड़क लंबे समय तक सुरक्षित रहेगी।