विराट हिन्दू सम्मेलन में थिरके 70 वर्षीय विधायक जयसिंह मरावी, कर्मा नृत्य का वीडियो वायरल

शहडोल। मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के नगर परिषद बकहो में आयोजित विराट हिन्दू सम्मेलन के दौरान एक अलग ही दृश्य देखने को मिला, जब जैतपुर से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री जयसिंह मरावी आदिवासी कर्मा लोक नृत्य की धुन पर थिरकते नजर आए। 70 वर्षीय विधायक का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उनकी सादगी व सांस्कृतिक जुड़ाव की जमकर सराहना कर रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान जैसे ही ढोल-मांदर की पारंपरिक थाप गूंजी, आदिवासी संस्कृति से गहराई से जुड़े जयसिंह मरावी भावुक हो उठे। वे मंच से उतरकर कलाकारों के साथ कदम मिलाते हुए कर्मा नृत्य करने लगे। उनके इस सहज और आत्मीय अंदाज ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का दिल जीत लिया। आदिवासी समाज के लोगों ने तालियों और जयकारों के साथ विधायक का उत्साह बढ़ाया।

छह बार विधायक रह चुके और प्रदेश सरकार में मंत्री रह चुके जयसिंह मरावी आमतौर पर गंभीर राजनीतिक छवि के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में उनका यह रूप लोगों के लिए खास रहा। सोशल मीडिया पर यूजर्स इसे संस्कृति से जुड़े जनप्रतिनिधि का उदाहरण बताते हुए आदिवासी परंपराओं के सम्मान का प्रतीक मान रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *