पिस्टल हाथ में लेकर कार चलाने का वीडियो वायरल, पुलिस ने शुरू की जांच

दतिया। मध्यप्रदेश के दतिया जिले में अपराधियों के बढ़ते हौसले एक बार फिर सामने आए हैं। सेवड़ा ब्लॉक का सूचीबद्ध बदमाश रवि शिवहरे पिस्टल हाथ में लेकर कार चलाता नजर आया और उसने खुद को फिल्मी हीरो की तरह पेश करते हुए इसका वीडियो बनवाया। आरोपी ने यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपलोड किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने का मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि वीडियो देर रात अपलोड किया गया था, जिसे पुलिस ने संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू की।

इंदरगढ़ पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। जांच के दौरान सामने आया कि वीडियो में दिखाई दे रही पिस्टल आरोपी की नहीं, बल्कि उसके एक दोस्त की है, जो लाइसेंसी बताई जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील शिवहरे ने बताया कि पिस्टल उपलब्ध कराने वाले दोस्त के खिलाफ भी अलग से कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *