सरगुजा पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई: 24 घंटे के भीतर 71 वारंटी भेजे गए जेल, 18 साल पुराना मानव तस्करी का आरोपी भी गिरफ्तार

अम्बिकापुर (सरगुजा)। डीआईजी एवं एस.एस.पी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में जिले के समस्त थाना/चौकी प्रभारियों को माननीय न्यायालय द्वारा जारी स्थाई वारंट एवं गिरफ्तारी वारंट के आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने एवं आरोपियों को जेल भेजने हेतु 24 घंटे का विशेष अभियान चलाने हेतु निर्देशित किया गया था। आदेश के परिपालन में पुलिस टीम द्वारा वारंटियों पर नकेल कसते हुए धरपकड़ की गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल (भा.पु.से.), अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सीतापुर राजेंद्र मंडावी एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस ग्रामीण तूल सिंह पट्टावी के नेतृत्व में जिला मुख्यालय एवं प्रत्येक थाना चौकी स्तर पर थाना/चौकी प्रभारियों द्वारा पुलिस टीम के साथ सुबह-सुबह वारंटियों के सकुनत पर औचक दस्तक दी गई। अभियान के दौरान सरगुजा जिले के समस्त थाना/चौकी से कुल 54 स्थाई वारंट एवं 17 गिरफ्तारी वारंट के आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सरगुजा पुलिस द्वारा अभियान के दौरान ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए कुल 71 वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

थाना वार कार्रवाई का विवरण: अभियान के दौरान थाना कोतवाली पुलिस टीम द्वारा 19 स्थाई वारंट एवं 02 गिरफ्तारी वारंट, थाना गांधीनगर द्वारा 13 स्थाई वारंट, थाना मणीपुर द्वारा 04 स्थाई वारंट एवं 05 गिरफ्तारी वारंट, थाना उदयपुर द्वारा 03 स्थाई वारंट एवं 02 गिरफ्तारी वारंट, थाना लखनपुर द्वारा 02 स्थाई वारंट, थाना कमलेश्वरपुर द्वारा 01 स्थाई वारंट एवं 03 गिरफ्तारी वारंट, थाना लुन्ड्रा द्वारा 03 गिरफ्तारी वारंट, थाना बतौली द्वारा 04 स्थाई वारंट, थाना धौरपुर द्वारा 02 स्थाई वारंट, थाना सीतापुर द्वारा 01 स्थाई वारंट एवं 04 गिरफ्तारी वारंट, थाना दरिमा द्वारा 02 स्थाई वारंट एवं 01 गिरफ्तारी वारंट के वारंटियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई है। अभियान के दौरान सर्वाधिक वारंटियों को थाना कोतवाली एवं थाना गांधीनगर द्वारा गिरफ्तार किया गया है।

18 साल पुराना आरोपी गिरफ्तार: थाना कमलेश्वरपुर अंतर्गत मानव तस्करी के प्रकरण में माननीय न्यायालय द्वारा 18 वर्ष पूर्व के मामले में आरोपी राजेश एक्का निवासी जुनगानी खारापारा पत्थलगांव का स्थाई वारंट जारी किया गया था, जिसे पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई कर वारंटी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा गया है।

इसी तरह जिला सोनभद्र उत्तर प्रदेश में यातायात नियमों की अवहेलना पर वर्ष 2015 में वाहन चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज होने पर एवं मामले में अग्रिम कार्रवाई पश्चात माननीय न्यायालय जिला सोनभद्र उत्तर प्रदेश द्वारा आरोपी दिनेश प्रताप सिंह का स्थाई वारंट जारी किया गया था। उक्त स्थाई वारंट तामिली हेतु थाना गांधीनगर को प्राप्त हुआ था। उक्त क्रम में आरोपी वाहन चालक दिनेश प्रताप सिंह निवासी गांधीनगर को थाना गांधीनगर पुलिस टीम द्वारा पकड़ा गया है, एवं वारंटी को माननीय न्यायालय जिला सोनभद्र उत्तर प्रदेश में पेश किया जाता है। सरगुजा पुलिस द्वारा वारंटियों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। वारंट तामिली की कार्रवाई में समस्त थाना चौकी प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी कर्मचारी सक्रिय रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *