महासमुंद। छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और स्थानीय पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत 520 किलो गांजा जब्त किया है। इस दौरान ओडिशा से महाराष्ट्र तक फैले तस्करी नेटवर्क के सरगना आकाश जाधव समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से विभिन्न माध्यमों से गांजा की तस्करी कर रहा था। आकाश जाधव पुणे के एक मामले में पिछले छह माह से फरार था। उसके साथ एक थोक खरीददार सहित अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लिया गया है।
आकाश जाधव सोशल मीडिया पर ‘सर्पमित्र’ नाम से काफी चर्चित है। उसके यूट्यूब चैनल पर करीब 56 लाख से अधिक सब्सक्राइबर और इंस्टाग्राम पर तीन लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। जांच में उसकी लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की संपत्ति भी चिन्हांकित की गई है। पुलिस का कहना है कि बीते एक वर्ष में गिरोह ने कम से कम छह बार गांजा परिवहन किया था।
इस मामले में पुणे से रामदास चंदू सोनवाने, सागर बाघ, संजीव अहिरे, सुशील दाभाड़े, आदित्य पाखरे, आकाश जाधव, रंजन दुर्गा, कुनाल सोनवाने और प्रतीक सोनवाने को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई तस्करी नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक बड़ी सफलता है और आगे भी ऐसे गिरोहों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।