कलेक्टर की हुंकार: मार्च 2026 तक पूरे हों पीएम जनमन आवास, पहाड़ी कोरवा एंबेसडर समाज से नशे की लत मिटाने में निभाएं सक्रिय भूमिका

समाचार
कलेक्टर की अध्यक्षता में जनमन आवास एम्बेसडरों हेतु जिला स्तरीय कार्यशाला सम्पन्न ।
पीएम जनमन आवासों को पूर्ण करने लोगों को करें प्रेरित, शासकीय योजनाओं का लाभ लेने पीवीटीजी समुदाय को जागरूक करने में एंबेसडरों की महत्वपूर्ण भूमिका है – कलेक्टर अजीत वसंत ।
समाज में व्याप्त नशे की प्रवृत्ति पर रोक लगाने हेतु लोगों को जागरूक करने कलेक्टर ने की अपील ।
पीएमजनमन आवास प्रगति हेतु जिले के 69 पहाड़ी कोरवा एंबेसडर चयनित, उत्कृष्ट कार्य पर सात एम्बेसडर हुए सम्मानित ।

अंबिकापुर / कलेक्टर अजीत वसंत की अध्यक्षता में गुरुवार को विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा के जनमन आवास एम्बेसडरों हेतु जिला स्तरीय कार्यशाला जिला पंचायत सभाकक्ष में सम्पन्न हुई।
इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय अग्रवाल, सम्बंधित अधिकारी, पहाड़ी कोरवा एम्बेसडर, ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिव उपस्थित रहे।

इस दौरान कलेक्टर श्री वंसत ने कहा कि आप सभी अपने समाज के प्रतिनिधि हैं, आपका कार्य अपने समुदाय में शिक्षा स्वास्थ्य सहित शासन की कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता लाना है। उन्होंने कहा कि आपके ग्राम में जिन लोगों को प्रधानमंत्री जनमन आवास स्वीकृत हुआ है, उन्हें जागरुक करें उनकी समस्याओं को सुनें और आवास पूर्ण करने प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि मार्च 2026 तक हमें ऐसे सभी आवासों को पूरा करना है। उन्होंने बताया कि आवास के साथ ही पीएम जनमन योजनांतर्गत मिलने वाले लाभों के बारे में भी लोगों को जागरूक करना होगा, किसी भी प्रकार की समस्या होने पर अवगत कराएं। उन्होंने उपस्थित सरपंचों को कहा कि योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने में ग्राम पंचायत सरपंच की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए विकास कार्यों में सक्रिय रूप से भागीदार बनें। कलेक्टर श्री वसंत ने कहा कि पीवीटीजी समुदायों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने कि जरूरत है, इसलिए 12वीं तक कि पढ़ाई अवश्य पूरी करें। इस हेतु लोगों को प्रोत्साहित करें, प्रशासन का प्रयास रहेगा कि 12वीं उत्तीर्ण करने वाले युवाओं को शासकीय संस्थानों में नियोजित किया जाएगा।


इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पीवीटीजी समाज की सबसे बड़ी समस्या नशे की प्रवृत्ति है, इसे जड़ से निकाल फेंकने की जरूरत है। इसलिए हमें मिलकर इस ओर कार्य करना होगा, नशे पर रोक लगाने के लिए आपस में विचार- विमर्श करें। नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर रोक लगाकर ही समाज प्रगति कर सकता है। उन्होंने सभी एंबेसडरों से इस ओर गम्भीरता से कार्य कर लोगों को प्रेरित करने अपील की।

कार्यशाला में जिला पंचायत सीईओ श्री अग्रवाल ने बताया कि जिले में पीएमजनमन आवास में प्रगति हेतु 69 पहाड़ी कोरवाओं को आवास एंबेसडर चयनित किया गया है। ये हितग्राहियों को आवास पूर्ण करने हेतु प्रोत्साहित कर रहे हैं तथा उनका उन्मुखीकरण कर आवश्यक सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले एंबेसडर हुए सम्मानित-
इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 07 एंबेसडर को कलेक्टर श्री वसंत ने शॉल श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। जिसमें जनपद पंचायत अम्बिकापुर के ग्राम पंचायत मलगवांखुर्द के मोहन, जनपद पंचायत बतौली के ग्राम पंचायत करदना के पारा सुगाआमा के भोला राम, जनपद पंचायत लुण्ड्रा के ग्राम पंचायत लालमाटी के पारा महादेवडुगु के चन्द्रदेव, जनपद पंचायत लखनपुर के ग्राम पंचायत रेम्हला के पारा कुडुवा के संजय कोरवा, जनपद पंचायत मैनपाट के ग्राम पंचायत पीड़िया( डोराघाट) के बोधन, जनपद पंचायत सीतापुर के ग्राम पंचायत देवगढ़ के दुहन कोरवा एवं जनपद पंचायत उदयपुर के ग्राम पंचायत केसमा (वनकेसमा) के रोशन गुप्ता शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *