इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के मशहूर ‘डांसिंग कॉप’ रंजीत सिंह के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। सोशल मीडिया पर अपने अनोखे अंदाज के लिए फेमस रंजीत सिंह पर विभागीय कार्रवाई करते हुए उन्हें प्रधान आरक्षक (Head Constable) के पद से डिमोट कर वापस आरक्षक (Constable) बना दिया गया है।
इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने यह कड़ी सजा एक महिला के साथ इंस्टाग्राम पर अश्लील चैटिंग के मामले में दी है। रंजीत सिंह पर लगे इन आरोपों की विभागीय जांच की गई थी, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद अनुशासनहीनता और गरिमा के खिलाफ काम करने पर यह फैसला लिया गया।
गौरतलब है कि रंजीत सिंह अपने माइकल जैक्सन स्टाइल के ‘मूनवॉक’ स्टेप्स के साथ ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए पूरे देश में मशहूर हैं। उन्हें ‘डांसिंग कॉप ऑफ इंडिया’ के रूप में जाना जाता है और सोशल मीडिया पर उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग है। हालांकि, इस विवाद और सजा के बाद अब उनके करियर पर बड़ा दाग लग गया है।