मध्य प्रदेश के उमरिया जिले से स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ाने वाला मामला सामने आया है। यहां उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद दर्जनों स्कूली छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि स्कूल में बूंदी खाने के बाद बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

मामला जिले के करकेली विकासखंड अंतर्गत जरहा ग्राम स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, स्कूल में पढ़ने वाले कई छात्रों को एक साथ उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। हालत बिगड़ने पर तत्काल एंबुलेंस की सहायता से 9 से 10 छात्रों को जिला चिकित्सालय उमरिया भेजा गया, जबकि 15 से 20 छात्रों को घुलघुली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
स्वास्थ्य अमला मौके पर पहुंचा
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। SDM सहित स्वास्थ्य विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और हालात का जायजा लिया। सभी बीमार छात्रों का इलाज जारी है और फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
परिजनों का गंभीर आरोप
अभिभावकों का आरोप है कि 26 जनवरी के अवसर पर स्कूल में वितरित की गई बूंदी खाने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ी। उनका कहना है कि भोजन की गुणवत्ता खराब थी, जिसके कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई।
प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश दे दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा भोजन के सैंपल जांच के लिए भेजे जाने की भी संभावना जताई जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।