कोतवाली थाने पहुंचीं छात्राएं, पुलिस की कार्यप्रणाली और साइबर सुरक्षा के गुर सीखे

अंबिकापुर, 27 जनवरी 2026/ शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अंबिकापुर की छात्राओं ने आज थाना कोतवाली का शैक्षणिक एवं जागरूकता भ्रमण किया। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को विधिक जागरूकता, महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी देना था।

पुलिस की कार्यप्रणाली से हुईं अवगत नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल (भा.पु.से.) के नेतृत्व में छात्राओं ने थाना परिसर का विस्तृत भ्रमण किया। इस दौरान पुलिस टीम ने बच्चों को सीसीटीएनएस (CCTNS) सिस्टम, रोजनामचा, बंदीगृह (हवालात) और शस्त्रागार की व्यवस्था दिखाई। छात्राओं को बताया गया कि पुलिस विभाग की कार्यशैली क्या है, शिकायत कैसे दर्ज की जाती है और आपातकालीन सेवाएं कैसे काम करती हैं।

सुरक्षा और कानून की मिली जानकारी भ्रमण के दौरान पुलिस टीम ने छात्राओं को ‘गुड टच-बैड टच’, पोक्सो एक्ट (POCSO), जे.जे. एक्ट, यातायात सुरक्षा और साइबर सुरक्षा के बारे में विस्तार से समझाया। छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 181, डायल 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 और ‘अभिव्यक्ति ऐप’ के उपयोग के बारे में भी मार्गदर्शन दिया गया। अधिकारियों ने छात्राओं को किसी भी आपात स्थिति में निडर होकर पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।

जिज्ञासाओं का हुआ समाधान इस अवसर पर छात्राओं ने पुलिस से कई सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल भाषा में समाधान किया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकान्त सिन्हा, विद्यालय की शिक्षिका सुनीता दास, राजेश प्रताप सिंह सहित साइबर वॉलंटियर टीम के अतुल गुप्ता, विक्की गुप्ता और थाना स्टाफ मौजूद रहे। इस भ्रमण से छात्राओं के आत्मविश्वास और सुरक्षा संबंधी जागरूकता में वृद्धि हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *