जांजगीर। नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पीपरा में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, खेत में एक 21 वर्षीय युवती का शव बरामद हुआ। युवती का शव अर्धनग्न अवस्था में था और कीचड़ से सना हुआ मिला, जिससे घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।
ग्रामीणों ने सुबह खेत की ओर जाते समय शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नवागढ़ पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ भेजा गया।


मृतका की पहचान ग्राम पीपरा निवासी पूनम (21 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को युवती के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। इस आधार पर प्रथम दृष्टया सहमति से शारीरिक संबंध होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक का नाम सामने आने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, मामले से जुड़े एक अन्य व्यक्ति की तलाश भी जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।