सीआरपीएफ की ट्रेनिंग लेकर लौटे प्रवीण दीप व फिरोज ओगरे का किया गया भव्य स्वागत

दिलीप गुप्ता
सरायपाली : देश के 76वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (CRPF) में चयनित होकर कठोर प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने के पश्चात जवान प्रवीण दीप (ग्राम रूड़ा) एवं जवान फिरोज ओगरे ( ग्राम बालसी) के प्रथम आगमन पर पूरे क्षेत्र में हर्ष, गर्व एवं राष्ट्रभक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर फुलझर डिफेंस एकेडमी द्वारा दोनों नव-सीआरपीएफ जवानों का भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया गया।
एकेडमी परिसर में आयोजित स्वागत समारोह के पश्चात दोनों जवानों के सम्मान में भव्य बाइक रैली निकाली गई, जो पूरे उत्साह, अनुशासन एवं देशभक्ति के वातावरण के साथ क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होते हुए उनके गृह ग्रामों तक पहुँची। यह रैली केवल एक जुलूस नहीं, बल्कि क्षेत्र की युवा शक्ति के संकल्प, देशप्रेम एवं राष्ट्रसेवा की भावना का सशक्त प्रतीक बन गई।


स्वागत एवं रैली के दौरान डीजे, गाजे-बाजे, साल-श्रीफल, पुष्पवर्षा एवं देशभक्ति गीतों ने संपूर्ण वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। ग्रामवासियों ने दोनों जवानों का पारंपरिक तिलक कर, पुष्पमालाएँ पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय सम्मान किया।
इस गरिमामय अवसर पर फुलझर डिफेंस एकेडमी के संचालक श्री धर्मेन्द्र चौधरी (भूतपूर्व सैनिक) विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रवीण दीप एवं फिरोज ओगरे की सफलता न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे अंचल के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम में एकेडमी के प्रशिक्षकगण, भूतपूर्व सैनिक, जनप्रतिनिधि, ग्राम पंचायत के सरपंच, स्थानीय पुलिस बल, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे, जिनकी सहभागिता ने समारोह को अत्यंत भव्य एवं स्मरणीय बना दिया।
समारोह के अंत में उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामवासियों ने दोनों जवानों के उज्ज्वल भविष्य, दीर्घायु एवं सफल राष्ट्रसेवा की मंगलकामनाएँ करते हुए उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया। यह आयोजन न केवल एक सम्मान समारोह रहा, बल्कि 26 जनवरी का पावन दिवस क्षेत्र के लिए और भी अधिक यादगार, जोशीला एवं प्रेरणादायी बन गया, जिसने युवाओं के हृदय में देशसेवा, अनुशासन एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को और अधिक प्रबल किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *