अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने बिहार, उत्तर प्रदेश, गोवा, नागालैंड, मणिपुर और मेघालय में संगठन सृजन अभियान के लिए ऑब्जर्वरों की सूची जारी की है। इस सूची में छत्तीसगढ़ के चार नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मोहन मरकाम को उत्तर प्रदेश का ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है। उनके साथ अकलतरा विधायक राघवेंद्र सिंह और पूर्व मंत्री शिव डहरिया को भी उत्तर प्रदेश में संगठन सृजन अभियान की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं पूर्व मंत्री उमेश पटेल को नागालैंड का ऑब्जर्वर बनाया गया है।
ये नियुक्तियां कांग्रेस अध्यक्ष की मंजूरी के बाद तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। संगठन सृजन अभियान के तहत पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, जिलाध्यक्षों के चयन में कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने और संगठन को अधिक लोकतांत्रिक बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश जैसे बड़े और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्य में छत्तीसगढ़ के अनुभवी नेताओं की तैनाती को कांग्रेस संगठन के लिए खास माना जा रहा है। अभियान के तहत सभी राज्यों में जिलाध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पार्टी नेतृत्व का मानना है कि अलग-अलग राज्यों में अनुभवी नेताओं को भेजने से संगठनात्मक अनुभव का लाभ मिलेगा और आगामी चुनावों के लिए मजबूत ढांचा तैयार होगा।