सोनहत में भाजपा युवा मोर्चा ने लगाई नई ऊर्जा की लहर

भाजयुमो की नई कार्यकारिणी हुई जारी, रमेश बने जिला उपाध्यक्ष, दिलीप को मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी..

सोनहत: भाजपा युवा मोर्चा ने जिले में नई ऊर्जा का संचार कर दिया है। प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंहदेव और प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय के मार्गदर्शन में, युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष राहुल टिकरिहा के निर्देश और भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी की सहमति से, भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सतेन्द्र राजवाड़े ने जिले की युवा कार्यसमिति और मंडल अध्यक्षों की नई सूची घोषित की।
इस नई टीम की घोषणा के साथ ही जिले के युवा वर्ग में उत्साह और उम्मीदों की नई लहर दौड़ गई है। संगठन ने इस नियुक्ति में रमेश तिवारी को जिला उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा है। रमेश पहले भाजयुमो जिला मंत्री के रूप में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। वहीं, दिलीप राजवाड़े को मंडल अध्यक्ष का दायित्व दिया गया है, जो पूर्व में मंडल उपाध्यक्ष के रूप में पार्टी के लिए समर्पित कार्यरत रहे हैं।
दोनों युवाओं की नियुक्ति से संगठन और युवा वर्ग में हर्ष व्याप्त है। स्थानीय लोग मानते हैं कि ये दोनों संघर्षशील और सक्रिय नेता अपनी नेतृत्व क्षमता से भाजपा युवा मोर्चा की पकड़ को और मजबूत करेंगे।
नए दायित्व मिलने के बाद, रमेश तिवारी और दिलीप राजवाड़े ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व सहित भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी और भाजयुमो जिलाध्यक्ष सतेन्द्र राजवाड़े का आभार व्यक्त किया। उन्होंने संगठन को नई दिशा देने और जमीनी स्तर पर मजबूती देने का संकल्प व्यक्त किया।
भाजपा युवा मोर्चा की यह नई टीम निश्चित रूप से मंडल और जिले में युवाओं को जोड़ने और संगठन को ऊँचाइयों पर ले जाने का मार्ग प्रशस्त करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *