सीएम साय के नए सलाहकार नियुक्त, आर. कृष्णा दास को मिली जिम्मेदारी, ‘आज की जनधारा’ के संपादक सुभाष मिश्र ने दी बधाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने सलाहकार मंडल में बदलाव करते हुए आर. कृष्णा दास को नया सलाहकार नियुक्त किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार आर. कृष्णा दास मुख्यमंत्री को मीडिया समेत अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर परामर्श देंगे।

आदेश में बताया गया है कि सलाहकार पद पर रहते हुए आर. कृष्णा दास को प्रतिमाह 1.50 लाख रुपये का मानदेय दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें राज्य शासन के विशेष सचिव के समकक्ष सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।

वहीं, राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं हैं कि वर्तमान मुख्यमंत्री सलाहकार पंकज झा की भूमिका जल्द बदल सकती है। सूत्रों के मुताबिक पंकज झा को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की टीम में शामिल किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि उन्हें दिल्ली में नितिन नबीन की मीडिया टीम में अहम जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

इस बीच आज की जनधारा के प्रधान संपादक सुभाष मिश्र ने आर. कृष्णा दास को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि आर. कृष्णा दास का प्रशासनिक और मीडिया क्षेत्र का अनुभव मुख्यमंत्री के कामकाज को और प्रभावी बनाएगा। सुभाष मिश्र ने आशा व्यक्त की कि वे नए दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए जनहित और सुशासन को मजबूती प्रदान करेंगे।

हालांकि, पंकज झा को लेकर चल रही चर्चाओं पर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इन राजनीतिक संकेतों से प्रदेश की सियासत में हलचल जरूर तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *