बैकुंठपुर (कोरिया), 21 जनवरी 2026: छत्तीसगढ़ की महिला पत्रकारों के लिए यह गौरव का क्षण है। प्रदेश सरकार की पहल पर राज्य की 26 महिला पत्रकारों और जनसंपर्क विभाग के 6 अधिकारियों का दल इन दिनों गुजरात की अध्ययन यात्रा पर है। इस यात्रा के दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने वीडियो कॉल के माध्यम से बस में सवार सभी महिला पत्रकारों से बात की और उन्हें इस सफल यात्रा के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।
ऐतिहासिक स्थलों और वन्यजीवों से रूबरू हुआ दल
कोरिया जिले की वरिष्ठ पत्रकार कमरून निशा ने बताया कि यह यात्रा महिला पत्रकारों के लिए ज्ञान और अनुभव का एक बड़ा अवसर है। दल ने गुजरात विधानसभा का भ्रमण किया, जिससे विधायी कार्यों को समझने का मौका मिला। इसके अलावा, पोरबंदर में महात्मा गांधी के जन्मस्थान के दर्शन किए और त्रिवेणी संगम की भव्यता देखी। दल को दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी ‘सिंह सफारी’ भी दिखाई गई, जहां शेर, चीता, हिरण, नीलगाय और मोर जैसे जीव-जंतुओं को करीब से देखने का रोमांचक अनुभव मिला।
महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल
पत्रकार कमरून निशा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि “जब से हमने होश संभाला है, यह पहली बड़ी उपलब्धि है जहां महिला पत्रकारों को प्राथमिकता देते हुए ऐसी अध्ययन यात्रा पर भेजा गया है।” उन्होंने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री और रायपुर जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों का दिल से आभार व्यक्त किया। यात्रा के दौरान टीम को कई प्राचीन मंदिरों और ऐतिहासिक धरोहरों के दर्शन भी कराए जा रहे हैं।
22 जनवरी को होगी रायपुर वापसी
यह अध्ययन यात्रा 15 जनवरी को शुरू हुई थी, जो 22 जनवरी को रायपुर वापसी के साथ संपन्न होगी। कमरून निशा ने अपने क्षेत्र की जनता का भी शुक्रिया अदा किया जो उन्हें सोशल मीडिया और फोन के माध्यम से लगातार शुभकामनाएं दे रहे हैं। उन्होंने संकल्प लिया कि वे अपनी लेखनी के माध्यम से क्षेत्र की अच्छाइयों और शासन की योजनाओं को जनता तक पहुंचाती रहेंगी और भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करती रहेंगी।