मकर संक्रांति के बाद लौटेगी कड़ाके की ठंड, न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री तक गिरावट के आसार



रायपुर। छत्तीसगढ़ में मकर संक्रांति के बाद एक बार फिर कड़ाके की ठंड लौटने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है, जिससे कई इलाकों में शीतलहर का प्रकोप बढ़ने के आसार हैं।

वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य में निचले स्तर पर नमी युक्त हवा प्रवेश कर रही है। इसके कारण तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और अगले तीन दिनों तक इसका असर बने रहने की संभावना है। हालांकि नमी आने से पहले न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे पहुंच चुका था, इसलिए अत्यधिक ठंड का प्रभाव फिलहाल कम महसूस किया जा रहा है।

पिछले चौबीस घंटों में अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। सरगुजा संभाग में ठंड का असर बरकरार है, जबकि रायपुर समेत मध्य छत्तीसगढ़ में तापमान सामान्य स्थिति में बना हुआ है। अगले चौबीस घंटों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है और यह प्रक्रिया आगामी कुछ दिनों तक जारी रह सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार विक्षोभ का प्रभाव कम होते ही तापमान में गिरावट आएगी और इसके साथ ही ठंड की वापसी होगी। रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात रायपुर में न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *