रायपुर। नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था की जांच के दौरान लापरवाही पाए जाने पर तीन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई है। स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणिग्रही के नेतृत्व में नैवेद्य फैक्ट्री के निरीक्षण में जन शिकायत सही पाई गई कि फैक्ट्री द्वारा नगर निगम की नालियों में कचरा डाला जा रहा था, जिससे नालियां जाम हो रही थीं। स्वास्थ्य अधिकारी ने फैक्ट्री संचालक पर तत्काल 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाते हुए स्वच्छता व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में जोन 4 क्षेत्र के गुजराती मिष्ठान भंडार के औचक निरीक्षण में एसटीपी नहीं मिलने पर डॉ. पाणिग्रही ने मिनी एसटीपी लगाने का नोटिस जारी किया तथा तत्काल 5 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। कार्रवाई के दौरान जोन 4 के जोन स्वास्थ्य अधिकारी वीरेंद्र चंद्राकर और निगम मुख्यालय के स्वच्छता निरीक्षक गिरिजेश तिवारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा जोन 10 के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जोन कमिश्नर विवेकानंद दुबे के निर्देश पर हॉटल गुरुकृपा का औचक निरीक्षण किया। यहां गंदगी पाए जाने और जन शिकायत सही मिलने पर जोन स्वास्थ्य अधिकारी ने हॉटल संचालक पर 2500 रुपये का जुर्माना लगाया।