रायपुर। दिसंबर के बाद जनवरी का महीना भी ठिठुरन भरा रहने वाला है। मकर संक्रांति से पहले सर्द रातों से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर से आने वाली ठंडी और शुष्क हवाओं के प्रभाव से अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी का दौर शुरू होने की संभावना है। हालांकि 24 से 48 घंटे बाद ठंड में हल्की राहत मिल सकती है, लेकिन यह राहत विशेष प्रभावी नहीं होगी।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों के एक-दो इलाकों में शीतलहर चलने की आशंका जताई है। इससे पहले गुरुवार को सरगुजा और दुर्ग संभाग के कुछ क्षेत्रों में शीतलहर का असर देखा गया। फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ मौसम परिवर्तन का प्रमुख कारण है। यह विक्षोभ उत्तरी पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में लगभग तीन किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है। इसके साथ ही उत्तर भारत के ऊपर करीब 12 किलोमीटर की ऊंचाई पर तेज गति से पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं, जिसके कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
मौसम विभाग ने शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है। 9 जनवरी तक सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, रायपुर, बलोदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद, कबीरधाम, मोहल्ला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और बेमेतरा जिलों में एक-दो स्थानों पर शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है। वहीं 10 जनवरी को दुर्ग सहित कुछ क्षेत्रों में भी कोल्ड वेव की चेतावनी जारी की गई है।
तापमान की स्थिति की बात करें तो प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दुर्ग जिले में 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 3.5 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक 27.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री कम 12.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। माना क्षेत्र में अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने राजधानी रायपुर में आज धुंध छाए रहने की संभावना जताई है।