रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने बीजापुर के दो दिवसीय प्रवास के दौरान बुधवार को जिला कार्यालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ नियद नेल्ला नार योजना के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने विभागवार योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में 31 मार्च 2026 तक सशस्त्र माओवाद का पूरी तरह उन्मूलन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके बाद बस्तर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का नया अध्याय शुरू होगा।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि माओवाद के समूल उन्मूलन के बाद जनता में विश्वास बहाल करना और विकास कार्यों में तेजी लाना सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अब समय कम है, इसलिए शासन की सभी महत्वाकांक्षी योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन नई ऊर्जा, नई रणनीति और जनकल्याण की भावना के साथ किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से अपनी नैतिक जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि बीजापुर के सुदूर अंचलों में सड़क, बिजली, पानी, स्कूल, अस्पताल, आंगनबाड़ी सहित केंद्र और राज्य सरकार की सभी हितग्राही मूलक योजनाओं से हर व्यक्ति को जोड़ा जाएगा। जिले के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं की सहज पहुंच सुनिश्चित करने में जिला, विकासखंड और मैदानी अमले के अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि माओवाद मुक्त ग्राम पंचायतों को विशेष परियोजना के तहत ‘इलवद पंचायत’ के रूप में एक-एक करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी जाएगी। वहीं, शासन की महत्वाकांक्षी ‘नियद नेल्ला नार’ योजना के अंतर्गत बीजापुर जिले के 201 गांवों को शामिल किया गया है, जहां शासकीय योजनाओं की शत-प्रतिशत संतृप्तता और प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
बैठक में एडीजी नक्सल ऑपरेशन विवेकानंद सिन्हा ने कहा कि बीजापुर में शांति और सुरक्षा की स्थिति लगातार मजबूत हो रही है, जिससे अब योजनाओं के क्रियान्वयन में पहले की तुलना में अधिक आसानी हो रही है। उन्होंने कहा कि पहले और आज के बीजापुर में स्पष्ट अंतर दिखाई देता है।
पंचायत विभाग के सचिव भीम सिंह ने बताया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं का निरंतर निराकरण किया जा रहा है और बस्तर संभाग का विकास शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। कलेक्टर संबित मिश्रा ने उपमुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए बीजापुर के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आश्वासन दिया।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी, संचालक अश्विनी देवांगन, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव, डीएफओ रंगानाथन रामाकृष्णन, जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।