वन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! 28 IFS और 20 राज्य वन सेवा अधिकारियों के तबादले..

भोपाल। मध्य प्रदेश वन विभाग में बुधवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला। राज्य सरकार ने भारतीय वन सेवा (IFS) के 28 वरिष्ठ अधिकारियों और राज्य वन सेवा के 20 अधिकारियों के तबादलों के आदेश जारी कर दिए हैं। इस व्यापक बदलाव से विभागीय प्रशासनिक ढांचे में नई ऊर्जा और कार्यक्षमता लाने की तैयारी मानी जा रही है।

प्रमुख फेरबदल के तहत प्रधान मुख्य वन संरक्षक विभाष कुमार ठाकुर को वन मुख्यालय की संरक्षण शाखा से हटाकर अनुसंधान एवं विस्तार शाखा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं संजय टाइगर रिजर्व, सीधी के क्षेत्र संचालक अमित कुमार दुबे को एपीसीसीएफ (संरक्षण), वन मुख्यालय भोपाल पदस्थ किया गया है।

इसके अलावा बांधवगढ़ और कान्हा टाइगर रिजर्व के उप संचालकों के भी तबादले किए गए हैं, जिससे प्रदेश के प्रमुख वन्यजीव अभयारण्यों के प्रबंधन में बदलाव देखने को मिलेगा।

वन विभाग मंत्रालय में विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी के रूप में पदस्थ क्षितिज कुमार को भोपाल वन वृत्त का वन संरक्षक नियुक्त किया गया है। साथ ही राज्य वन विकास निगम, विभिन्न वन वृत्तों, कार्य आयोजना इकाइयों और डीएफओ स्तर पर भी बड़े पैमाने पर तबादले किए गए हैं।

इसी आदेश में प्रवर श्रेणी वेतनमान में कार्यरत राज्य वन सेवा के 20 अधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार, यह प्रशासनिक फेरबदल वन संरक्षण, वन्यजीव प्रबंधन और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को मजबूत करने की दिशा में किया गया है।

इस बड़े बदलाव के बाद आने वाले दिनों में वन विभाग की कार्यप्रणाली में स्पष्ट असर देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *