भोपाल। मध्यप्रदेश की अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेटर एवं विश्व चैंपियन भारतीय टीम की सदस्य क्रांति गौड़ के परिवार को बड़ी राहत मिली है। उनके पिता आरक्षक मुन्ना सिंह को मध्यप्रदेश पुलिस में पुनः बहाल कर दिया गया है। पुलिस मुख्यालय द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं।

हालांकि यह बहाली “नो वर्क, नो पे” के सिद्धांत के तहत की गई है। इस कारण 8 जून 2012 से 5 जनवरी 2026 तक की अवधि का लगभग 13 वर्षों का वेतन मुन्ना सिंह को नहीं मिलेगा।
गौरतलब है कि मुन्ना सिंह को वर्ष 2011 में चुनाव ड्यूटी के दौरान कथित लापरवाही के आरोप में 29 फरवरी 2012 को सेवा से पृथक कर दिया गया था। लंबे समय से लंबित मामले में नियमों के अनुरूप प्रक्रिया पूरी करते हुए पुलिस मुख्यालय ने उनकी पुनः नियुक्ति का आदेश जारी किया है।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वयं क्रिकेटर क्रांति गौड़ से उनके पिता की सेवा बहाली का आश्वासन दिया था, जिसके बाद इस दिशा में कार्रवाई तेज हुई।