जबलपुर में कानून व्यवस्था पर सवाल: बदमाशों ने दोबारा की बमबाजी, CCTV में कैद हुई वारदात…

जबलपुर। मध्यप्रदेश में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और बुलडोजर नीति के दावों के बावजूद बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। जबलपुर में एक बार फिर अपराधियों ने खुलेआम घर पर बम फेंककर दहशत फैलाने की कोशिश की है। देर रात की गई इस बमबाजी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। हैरानी की बात यह है कि ठीक एक दिन पहले भी इसी तरह की वारदात को अंजाम दिया गया था।

घर और दुकान को भारी नुकसान
मामला घमापुर थाना क्षेत्र का है। आरोप है कि ऋषभ वर्मा, सामंत ठाकुर और अवी ने घर को निशाना बनाते हुए एक के बाद एक कई बम फेंके। इससे मकान और दुकान को भारी नुकसान पहुंचा। इससे पहले भी भगवान टेंट हाउस और घर पर ताबड़तोड़ बमबाजी व पत्थरबाजी की गई थी। उस घटना में करीब 20 से अधिक बदमाश शामिल बताए जा रहे हैं। हमले में एक मासूम बच्ची के घायल होने की भी जानकारी सामने आई थी।

कांग्रेस पार्षद और समर्थकों पर आरोप
इस मामले में कांग्रेस पार्षद जितेंद्र उर्फ जीत्तू ठाकुर और उसके साथियों पर बमबाजी कराने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। लगातार हो रही घटनाओं से पूरे इलाके में भय का माहौल है। पीड़ित पूनम थदानी के अनुसार, शिकायत और नामजद एफआईआर के बावजूद पुलिस अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है, जिससे लोगों में नाराजगी और असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *